कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप: भारत का शानदार प्रदर्शन जारी, दूसरे दिन 7 मेडल पर कब्जा

Aug 12, 2026 - 05:09
कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप: भारत का शानदार प्रदर्शन जारी, दूसरे दिन 7 मेडल पर कब्जा

कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में मंगलवार को भारतीय फेंसिंग टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सात मेडल जीते। नाइजीरिया के लागोस में जारी प्रतियोगिता के दूसरे दिन सीनियर इंडिविजुअल इवेंट्स—विमेंस सेबर, विमेंस एपी और मेंस फॉयल—में टीम इंडिया ने 1 गोल्ड, 2 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीते।

भारतीय टीम ने सीनियर महिला एपी इवेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 3 मेडल जीतकर पोडियम पर अपना दबदबा बनाए रखा। तनिष्का खत्री ने शानदार खेल दिखाते हुए गोल्ड मेडल जीता, जबकि खुशी दाभाड़े ने सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं, प्राची लोहान ने ऑस्ट्रेलिया की हैरिसन एस्ली के साथ संयुक्त रूप से ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत की झोली में एक और मेडल डाला।

सीनियर महिला सेबर इंडिविजुअल कैटेगरी में भारत ने पोडियम पर तीन स्थान हासिल करते हुए जबरदस्त प्रदर्शन किया। आखारी ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया, जबकि इंग्लैंड की ब्रायर्ली ने गोल्ड पर अपना कब्जा जमाया। वहीं, जेफरलिन और श्रुति जोशी, दोनों ने देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीते।

सीनियर पुरुष फॉयल इवेंट में, तेजस पाटिल ने कड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के बीच सराहनीय प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड के डेविड विलियम के साथ ब्रॉन्ज अपने नाम किया। साइप्रस के एलेक्स टोफालिडास ने गोल्ड जीता और इंग्लैंड के ओलिवर स्ट्रेंज को सिल्वर मिला।

भारतीय टीम को निखारने का श्रेय भारतीय कोचिंग और सपोर्ट टीम को जाता है, जिसमें कोच भरतजी ठाकोर, श्रीहरि पिसे और शंकर नारायणन, फिजियोथेरेपिस्ट अमृता बालकावाड़े और टीम मैनेजर मनु त्यागी शामिल हैं।

लागोस में 10-14 अगस्त तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में एथलीट्स के बेहतरीन प्रदर्शन को बनाए रखने में उनके मार्गदर्शन, तैयारी और सहयोग की अहम भूमिका रही है। फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सेक्रेटरी जनरल राजीव मेहता ने मेडल जीतने वाले सभी एथलीट्स, कोचों, सपोर्ट स्टाफ और अधिकारियों की कड़ी मेहनत और शानदार उपलब्धियों के लिए उनकी तारीफ की। फेडरेशन ने भरोसा जताया है कि भारतीय टीम अपनी जीत का सिलसिला जारी रखेगी और चैंपियनशिप के बाकी दिनों में भी मजबूत प्रदर्शन करेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow