टी20 क्रिकेट: मिशेल मार्श ने तोड़ा टिम डेविड का बड़ा रिकॉर्ड, 'द हंड्रेड' में इतिहास रचने के करीब
ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिशेल मार्श को इस फॉर्मेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक माना जाता है। मार्श अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर कुछ ही ओवर में मैच अपनी टीम की तरफ मोड़ने में सक्षम हैं। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज का बल्ला साल 2026 में जमकर चल रहा है, और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से टी20 में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
मिशेल मार्श ऑस्ट्रेलिया की तरफ से टी20 में एक कैलेंडर ईयर में 1500 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। मार्श ने यह उपलब्धि द हंड्रेड में सोमवार को सनराइजर्स लीड्स की तरफ से खेलते हुए हासिल की। हेडिंग्ले के लीड्स में वेल्श फायर के साथ खेले गए मुकाबले में मार्श ने 34 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली। इस अर्धशतकीय पारी की बदौलत इस साल उनके कुल टी20 रनों की संख्या 1502 हो गई और ऐसा करने वाले वह पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए।
एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक टी20 रन बनाने टिम डेविड के रिकॉर्ड को मिशेल मार्श ने तोड़ा। डेविड ने 2022 में 73 टी20 मुकाबलों में अलग-अलग सात टीमों के लिए खेलते हुए 1461 रन बनाए थे।
मार्श ऑस्ट्रेलिया टी20 टीम के अलावा दुनिया भर की बड़ी टी20 लीग में खेलते हैं। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी वाली क्षमता ने उन्हें लीग और फ्रेंचाइजियों का पसंदीदा बल्लेबाज बनाया है।
साल 2026 में मार्श ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 7 टी20 मैचों में 230 रन, आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के लिए खेलते हुए 13 मैचों में 563 रन, बिग बैश लीग (बीबीएल) में पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए 8 मैचों में 335 रन और द हंड्रेड के मौजूदा सीजन में 7 मैचों में 374 रन बना चुके हैं।
मार्श के पास द हंड्रेड के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के 2024 में बनाए जेम्स विंस के रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका है। विंस ने सदर्न ब्रेव के लिए खेलते हुए उस सीजन 424 रन बनाए थे। अगर मार्श 51 रन और बना लेते हैं, तो द हंड्रेड के किसी एक सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
What's Your Reaction?

