रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल का CBSE कक्षा 12 परिणाम शानदार, विद्यार्थियों ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव
मथुरा। रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सीबीएसई बोर्ड कक्षा 12 परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विज्ञान, वाणिज्य और कला — तीनों संकायों में छात्रों ने शानदार अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विज्ञान वर्ग में प्रागित्य अग्रवाल ने 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं कार्तिकेय सिंह ने 94 प्रतिशत, वैष्णवी सिंह ने 93.8 प्रतिशत, मोहित कुमार पांडेय ने 92.2 प्रतिशत, स्तुति सक्सेना ने 91.4 प्रतिशत तथा मुस्कान सिंह ने 90 प्रतिशत अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विशेष उपलब्धि के रूप में प्रागित्य अग्रवाल ने जीवविज्ञान विषय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी मेधा का विशेष परिचय दिया।
वाणिज्य वर्ग में नैंसी कुमारी ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके अलावा आदित्य गौतम ने 89.4 प्रतिशत तथा गौरी ने 88.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
कला वर्ग में अक्षरा अग्रवाल ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भव्य कुलश्रेष्ठ ने 87 प्रतिशत तथा मयंक अग्रवाल ने 80.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की।
विद्यालय की निर्देशिका लता गोयल ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
प्रधानाचार्य राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि यह परिणाम अनुशासित अध्ययन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य प्रभात सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि विद्यार्थियों की यह सफलता आने वाले वर्षों में भी शैक्षिक उत्कृष्टता की नई मिसाल कायम करेगी।
What's Your Reaction?

