नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय सूर्य दिवस पर ‘रन फॉर सन’ मैराथन का आयोजन किया

May 4, 2026 - 04:11
नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय सूर्य दिवस पर ‘रन फॉर सन’ मैराथन का आयोजन किया

अंतरराष्ट्रीय सूर्य दिवस के अवसर पर रविवार को नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) ने ‘रन फॉर सन’ मैराथन का आयोजन किया है। इसके जरिए सरकार ने अप्रैल 2026 में रिकॉर्ड 2.7 लाख रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन करने का उत्‍सव मनाया गया।  

अब खबरें आपके मोबाइल पर!
Tehelka Khabar App डाउनलोड करें और ताज़ा खबरों से जुड़े रहें।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने बयान में कहा कि इस कार्यक्रम में 1,50,000 मेगावाट से अधिक सौर ऊर्जा की स्थापित क्षमता और पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना (पीएम-एसजीएमबीवाई) के अंतर्गत हुई परिवर्तनकारी प्रगति का उत्‍सव मनाया गया, जिसके अंतर्गत 30 लाख सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन किए गए हैं, जिनमें से अप्रैल 2026 में एक महीने में सबसे अधिक 2.7 लाख इंस्टॉलेशन पूरे हुए, जिससे देश भर में 45 लाख से अधिक घरों को रूफटॉप सोलर का लाभ मिला है।

बयान में आगे कहा गया कि पश्चिम एशिया में बढ़ती ऊर्जा अनिश्चितताओं के संदर्भ में, भारत के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र - और विशेष रूप से सौर ऊर्जा - ने आत्मनिर्भरता के सपने को साकार कर दिया है। इस वर्ष 31 मार्च तक, भारत की कुल सौर ऊर्जा क्षमता 53 गुना बढ़कर 150 गीगावाट हो गई है, जो 2014 में मात्र 2.82 गीगावाट थी। अकेले अंतिम 50 गीगावाट क्षमता मात्र 15 महीनों में जोड़ी गई, जो हमारे इतिहास में सबसे तेज वृद्धि है। भारत की स्थापित विद्युत क्षमता का लगभग 50 प्रतिशत अब गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से आता है - यह लक्ष्य 2030 की समयसीमा से काफी पहले हासिल कर लिया गया है, जो स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन में वैश्विक नेता के रूप में भारत की स्थिति को सुदृढ़ करता है।

‘रन फॉर सन’ कार्यक्रम में नई दिल्ली के मेजर ध्यान चंद नेशनल स्टेडियम में 2 किमी और 5 किमी की दौड़ आयोजित की गई, जिसमें सभी आयु वर्ग के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव संतोष कुमार सारंगी ने कहा कि ‘रन फॉर सन’ केवल एक मैराथन नहीं है, बल्कि अधिक स्‍थायी और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सामूहिक पहल है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जैसे-जैसे भारत नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में वैश्विक नेता के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है, वैसे-वैसे प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा की पहुंच बढ़ाने पर पूरा ध्यान केंद्रित है, ताकि स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन के लाभ प्रत्येक घर तक पहुंच सकें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow