नोएडा में 24 घंटे के भीतर 15 लोगों की मौत, 6 ने की कथित आत्महत्या; 9 की संदिग्ध परिस्थितियों में गई जान
अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सामने आए मामले, सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए: रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होंगे मौत के कारण
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग स्थानों पर 15 लोगों की मौत के मामले सामने आए हैं। इनमें छह लोगों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, जबकि नौ लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-39 थाना क्षेत्र की सदरपुर कॉलोनी में रहने वाले राजीव (40) ने मंगलवार रात अपने घर में फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला था। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है।
वहीं, सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में रहने वाले राजू (42) ने भी अपने किराये के मकान में फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। फिलहाल इसके पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सेक्टर-126 थाना क्षेत्र के असगरपुर गांव में रहने वाली सायरा बानो (24) ने भी मंगलवार रात अपने घर में फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इसी तरह बुलंदशहर के जहांगीरपुर निवासी अंकित (26) ने कथित तौर पर मानसिक तनाव के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसे ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बीटा-2 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फेस-1 थाना क्षेत्र के नया बांस गांव निवासी अफजल (28) और बिसरख थाना क्षेत्र की एक सोसाइटी में रहने वाले मयंक गुप्ता (34) की भी मंगलवार रात फंदे से लटके मिलने के बाद मौत के मामले सामने आए। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
नौ लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
इसके अलावा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नौ अन्य लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। इनमें दादरी थाना क्षेत्र के टीपू सुल्तान (28) और गुड़िया (32), बिसरख थाना क्षेत्र के पुलकित गौतम (26), सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के संजय कुमार (30), बीटा-2 थाना क्षेत्र के अखिलेश (25), खोड़ा कॉलोनी निवासी दिनेश उर्फ गुड्डू (40), सूरजपुर थाना क्षेत्र के सोनू (32), फेस-2 थाना क्षेत्र के मनीष (19) और जेवर थाना क्षेत्र के चरौली गांव निवासी कर्मवीर (48) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, दिनेश उर्फ गुड्डू को उपचार के लिए नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतों के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल संबंधित थाना पुलिस अपने-अपने स्तर पर मामलों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?

