नगर निगम मथुरा-वृंदावन की बड़ी कार्रवाई: सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाया
मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने की मुहिम लगातार जारी है। महापौर एवं नगर आयुक्त के निर्देशानुसार मंगलवार को मौजा शहजादपुर, टप्पा सोनई स्थित श्री जी कुंज कॉलोनी में बड़ी कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने करीब 9690 वर्ग मीटर भूमि से अवैध कब्जा हटाकर सात सूचना बोर्ड लगाकर जमीन को सुरक्षित किया।
कार्रवाई के दौरान मौजूद भूरा पहलवान ने बताया कि सरकारी भूमि पर कब्जों की शिकायत लगातार की जा रही है और नगर निगम इस दिशा में ठोस कदम उठा रहा है।
नगर निगम के लेखपाल वेदप्रकाश ने बताया कि राजस्व अभिलेखों में यह भूमि म्युनिसिपल बोर्ड मथुरा के नाम दर्ज है। इस पर लोहवन निवासी भूरेलाल गुप्ता उर्फ सत्यदेव द्वारा कब्जा किया गया था। वहीं सूत्रों का कहना है कि भूमि पर एक भूमाफिया, जो बीजेपी का स्थानीय नेता बताया जा रहा है, रास्ता निकालकर कॉलोनी काटने की फिराक में था। निगम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए कब्जा हटवा दिया।
अभियान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह की मौजूदगी में संपन्न हुआ। इस मौके पर प्रवर्तन दल प्रभारी राकेश सिंह, राजस्व निरीक्षक गजेन्द्र सिंह, लेखपाल वेदप्रकाश सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर सरकारी भूमि पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?

