राष्ट्र निर्माण विरासत में नहीं मिलता, हर पीढ़ी को अपना योगदान देना होता है: एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ध्वजारोहण समारोह में देशभक्ति के रंग में रंगा माहौल, स्कूली छात्रों ने प्रस्तुतियों से बांधा समां

Aug 16, 2026 - 11:03
राष्ट्र निर्माण विरासत में नहीं मिलता, हर पीढ़ी को अपना योगदान देना होता है: एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव

ग्रेटर नोएडा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रांगण में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने तिरंगा फहराया और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि हमें आजादी विरासत में मिली है, लेकिन राष्ट्र का निर्माण विरासत में नहीं मिलता। राष्ट्र निर्माण के लिए हर पीढ़ी को अपने हिस्से का योगदान देना होता है।

उन्होंने कहा कि प्राधिकरण केवल सड़क, भवन और सेक्टर विकसित करने वाली संस्था नहीं है, बल्कि उसके प्रत्येक कार्य का सीधा संबंध लोगों के जीवन और आने वाली पीढ़ियों से है। आज बनाई गई सड़क पर आने वाली पीढ़ियां चलेंगी, उद्योगों के लिए दी गई जमीन से केवल फैक्ट्री नहीं, बल्कि रोजगार के अवसर पैदा होंगे और आवासीय सेक्टरों में केवल मकान नहीं, बल्कि परिवार बसेंगे।

एसीईओ ने कर्मचारियों की जिम्मेदारी को रेखांकित करते हुए कहा कि प्राधिकरण की फाइलें महज कागज का टुकड़ा नहीं होतीं, बल्कि उनमें किसी व्यक्ति का रोजगार, किसी परिवार का सपना और किसी के भविष्य की उम्मीद जुड़ी होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था को बेहतर बनाने के लिए अनुभव और तकनीक का बेहतर तालमेल, ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान केवल उसे सलामी देने तक सीमित नहीं है। हमें जो भी जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाना ही तिरंगे का वास्तविक सम्मान है।

ध्वजारोहण कार्यक्रम में एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस सहित प्राधिकरण के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। राष्ट्रगीत के बाद ऑडिटोरियम में संबोधन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को आजादी की कीमत और उसके महत्व को समझना चाहिए। स्वतंत्रता सेनानियों ने लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद देश को आजादी दिलाई है। अब जिम्मेदारी हमारी है कि हम आजाद भारत को निरंतर आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण के सामने अनेक चुनौतियां हैं और इनसे निपटने के लिए प्रत्येक कर्मचारी को टीम भावना और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना कर्तव्य निभाना होगा।

कार्यक्रम में सावित्रीबाई फुले बालिका इंटर कॉलेज, मंथन और केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार राष्ट्रप्रेम की भावना से भर उठा। विद्यार्थियों ने वंदे मातरम्, वतन ये हमारा है प्यारा हिंदुस्तान, मिट्टी के बेटे, इक तेरा नाम है सांचा, दिल दिया है, जान भी देंगे सहित विभिन्न देशभक्ति प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी को भाव-विभोर कर दिया।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में प्राधिकरण के जीएम वित्त स्वतंत्र गुप्ता, ओएसडी लवनीत कौर, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, डीजीएम विजय रावल, ग्रेटर नोएडा एम्पलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनू भड़ाना सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ओएसडी अर्चना द्विवेदी ने किया।

वहीं, ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्राधिकरण कार्यालय में एसीईओ सुनील कुमार सिंह, ओएसडी गुंजा सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान भी देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर और वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन केवल ध्वजारोहण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने मिलकर राष्ट्र के प्रति कर्तव्य, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow