वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप: अनाहत और आर्यवीर ने बनाई राउंड ऑफ 16 में जगह

Jul 22, 2026 - 18:29
Jul 22, 2026 - 18:29
वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप: अनाहत और आर्यवीर ने बनाई राउंड ऑफ 16 में जगह

भारत के युवा स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह और आर्यवीर दीवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड स्क्वैश जूनियर व्यक्तिगत चैंपियनशिप के राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है। दोनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबलों में सीधे गेम में जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया।

महिला वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त अनाहत सिंह ने राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में हांगकांग की पुई यिन चोले लो को आसानी से 11-3, 11-1, 11-3 से हराया। अब उनका सामना मलेशिया की 13/16 सीड डोयस ये सैन ली से होगा। अनाहत इस टूर्नामेंट में भारत की पहली जूनियर विश्व चैंपियन बनने के लक्ष्य के साथ उतरी हैं।

पुरुष वर्ग में 5/8 सीड आर्यवीर दीवान ने भी शानदार खेल दिखाया। उन्होंने साउथ अफ्रीका के जोसेफ फीस्ट को सीधे गेम में 11-4, 11-3, 11-3 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई। अब आर्यवीर का मुकाबला अमेरिका के 9/12 सीड यासीन शालाबी से होगा। हालांकि, कुछ भारतीय खिलाड़ियों को हार का सामना भी करना पड़ा। गुरवीर सिंह, युशा नफीस, सान्वी कलंकी, रुद्र सिंह और अनिका दुबे अपने से बेहतर रैंकिंग वाले खिलाड़ियों के खिलाफ मुकाबले हार गए और टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

दूसरे दिन के मुकाबलों में कई रोमांचक नतीजे भी देखने को मिले। ब्राजील की लॉरा सिल्वा ने 0-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए मुकाबला 3-2 से अपने नाम किया और अंतिम 16 में जगह बनाई। मलेशिया की हरलीन टैन ने भी कनाडा की विंग काई ग्लेडिस हो के खिलाफ 2-1 से पीछे रहने के बाद बेहतरीन वापसी करते हुए जीत दर्ज की। इसके अलावा, इंग्लैंड के डायलन रॉबर्ट्स, हांगकांग की हेलेन टैंग, सऊदी अरब के मोहम्मद अलनासफान और मिस्र की हबीबा रिज्क ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। बेल्जियम की सवाना मोक्सहम ने भारत की सान्वी कलंकी को हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई।

राउंड ऑफ 32 के नतीजे:

पुरुष: 5/8-आर्यवीर दीवान ने जोसेफ फीस्ट (साउथ अफ्रीका) को 11-4, 11-3, 11-3 से हराया; 2-एडम हवल (इजरायल) ने गुरवीर सिंह को 11-6, 11-8, 11-3 से हराया; 5/8-निखिलेश्वर मोगनसुंदरम ने युशा नफीस को 11-9, 11-7, 11-8 से हराया।

महिलाएं: 5/8-सवाना मोक्सहम (बेल्जियम) ने सान्वी कलंकी को 11-7, 11-4, 11-2 से हराया; 3/4-बार्ब समेह (इजरायल) ने रुद्र सिंह को 11-5, 11-6, 11-1 से हराया; त्स चिंग चेउंग (हांगकांग) ने अनिका दुबे को 11-6, 11-7, 11-5 से हराया; 1-अनाहत सिंह ने पुई यिन चोले लो (हांगकांग) को 11-3, 11-1, 11-3 से हराया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow