मथुरा में सीडीओ का आदेश बेअसर! 23 दिन बाद भी नहीं लौटे शिक्षक, लीपापोती की तैयारी?
मानव संपदा पोर्टल पर सामने आईं विसंगतियां, हाईकोर्ट पहुंचे शिक्षक, सीडीओ और बीएसए ने नहीं उठाया फोन
मथुरा। बेसिक शिक्षा विभाग में प्रभारी प्रधानाध्यापकों की तैनाती का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता द्वारा दो नवंबर को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति के संबंधित तैनाती आदेश निरस्त किए जाने के 23 दिन बाद भी पूर्ण अनुपालन पर सवाल उठ रहे हैं।
द तहलका खबर की पड़ताल में मानव संपदा पोर्टल पर कई विसंगतियां सामने आई हैं। कई शिक्षकों की तैनाती पुराने विद्यालयों में दर्ज है, जबकि उनके दूसरे विद्यालयों में कार्यरत होने की जानकारी है। वहीं, उच्च प्राथमिक विद्यालय बदनगढ़ में पति-पत्नी दोनों प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में दर्ज दिखाई दे रहे हैं। शिक्षकों की उपस्थिति और वेतन संबंधी अभिलेखों पर भी सवाल उठ रहे हैं।
इसी बीच उत्तम सारस्वत एवं अन्य तथा मुनीष कुमार पांडेय ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल की है। इनके विद्यालय परिवर्तन और वरिष्ठता संबंधी विसंगतियों को द तहलका खबर अपनी पिछली पड़ताल में उठा चुका है।
सीडीओ द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच समिति को छह नवंबर तक रिपोर्ट प्रस्तुत करनी थी, लेकिन जांच के निष्कर्ष और कार्रवाई की जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि कहीं पूरे प्रकरण में लीपापोती की तैयारी तो नहीं की जा रही है?
इस संबंध में सीडीओ डॉ. पूजा गुप्ता का पक्ष जानने के लिए 23, 24 और 25 नवंबर को लगातार फोन किए गए। वहीं, बीएसए रतन कीर्ति को भी 25 नवंबर की सुबह 9:50 बजे फोन किया गया, लेकिन दोनों अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
आखिर कानून की सख्ती केवल आम जनता के लिए है या अधिकारियों के लिए भी? भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति का असर मथुरा के बेसिक शिक्षा विभाग में कब दिखाई देगा?
पूरी पड़ताल देखने के लिए दिया गया वीडियो देखें।
What's Your Reaction?

