संविधान दिवस पर लखनऊ में सियासी घमासान, पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद मार्च निकालेंगे खरगे

Nov 26, 2026 - 07:29
संविधान दिवस पर लखनऊ में सियासी घमासान, पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद मार्च निकालेंगे खरगे

लखनऊ। संविधान दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च निकालने का ऐलान किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे गुरुवार को इस मार्च का नेतृत्व करेंगे। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि प्रशासन की अनुमति नहीं मिलने के बाद भी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

अब खबरें आपके मोबाइल पर!
Tehelka Khabar App डाउनलोड करें और ताज़ा खबरों से जुड़े रहें।

कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पर संविधान रक्षा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद गांधी भवन से हजरतगंज स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक खरगे दोपहर 12:40 बजे आंबेडकर महासभा पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। दोपहर एक बजे से तीन बजे तक संविधान रक्षा मार्च प्रस्तावित है।

मताधिकार को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने भाजपा सरकार पर संविधान की मूल भावना और नागरिकों के मताधिकार को कमजोर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि संविधान बदलने के लिए आवश्यक जनादेश नहीं मिलने के बाद भाजपा अब लोगों के मतदान के अधिकार को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों का उचित मूल्य, युवाओं को रोजगार और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है। कांग्रेस ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ किसानों, युवाओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचने की अपील की है।

प्रशासन पर भेदभाव का आरोप

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया ने बताया कि पार्टी ने शांतिपूर्ण तरीके से मार्च निकालने का लिखित आश्वासन भी दिया था। इसके बावजूद प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र को संवेदनशील बताते हुए पैदल मार्च की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

पुनिया ने आरोप लगाया कि प्रशासन राजनीतिक दलों के साथ अलग-अलग व्यवहार कर रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में भाजपा को लोकतंत्र बचाओ कार्यक्रम के तहत मार्च निकालने की अनुमति दी गई थी, जबकि कांग्रेस को इसी तरह के आयोजन से रोका जा रहा है।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी पुनिया ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश ने संविधान को अंगीकार किया था, जिसने जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव के बिना सभी नागरिकों को समान अधिकार दिए। इन अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

विधानसभा चुनाव से पहले सक्रिय हुई कांग्रेस

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने में जुटी है। पार्टी संविधान, मताधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। ऐसे में पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद कांग्रेस के मार्च निकालने के ऐलान से राजधानी का सियासी माहौल गरमा गया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow