कौन है प्रजापति पांडे? आयुष्मान खुराना ने ट्रेलर से पहले अपने मजेदार किरदार से उठाया पर्दा

Apr 29, 2026 - 05:26
कौन है प्रजापति पांडे? आयुष्मान खुराना ने ट्रेलर से पहले अपने मजेदार किरदार से उठाया पर्दा

अभिनेता आयुष्मान खुराना अपनी आगामी फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इस फिल्म के कुछ गाने और टीजर रिलीज हो चुके हैं, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है।

फिल्म में अभिनेता प्रजापति पांडे का किरदार निभा रहे हैं, जो फिल्म में तीन महिलाओं के बीच घिरे नजर आएंगे और जिंदगी में मची उथल-पुथल से जूझते दिखते हैं। अभिनेता ने ट्रेलर रिलीज से पहले अपने किरदार के बारे में बात की।

उन्होंने बताया कि दर्शक इस किरदार से क्या उम्मीदें रखते हैं। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि प्रजापति पांडे एक ईमानदार और नेक व्यक्ति है, लेकिन फिर भी, फिल्म में वह जिस तरह की परिस्थितियों में फंसता है, वह काफी मजेदार होगा। ऊपर से देखने पर लगता है कि वह बहुत मजे कर रहा है, लेकिन असल में वह एक के बाद एक मुश्किलों में उलझ जाता है। उसे कभी अंदाजा नहीं था कि उसकी जिंदगी में एक ऐसा मोड़ आएगा। वह एक तरह का ‘स्टार’ है, लेकिन फिल्म में तीन औरतों से निपटना उसके लिए बहुत बड़ी अफरा-तफरी बन जाता है, जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी।"

आयुष्मान खुराना के साथ-साथ फिल्म में सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह भी नजर आएंगी। आयुष्मान के एक और गहरे और आम जिंदगी से जुड़े किरदार में उतरने के साथ, 'पति-पत्नी और वो दो' में दर्शकों को कॉमेडी, अफरा-तफरी, और अप्रत्याशित ट्विस्ट का एक बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा।

मुदस्सर अजीज द्वारा निर्देशित फिल्म 'पति पत्नि और वो दो' का निर्माण भूषण कुमार, रेणु रवि चोपड़ा और कृष्ण कुमार कर रहे हैं, जबकि इसका क्रिएटिव प्रोडक्शन जूनो चोपड़ा ने किया है। यह फिल्म 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

यह 2019 की हिट ‘पति पत्नी और वो’ फ्रेंचाइजी की दूसरी फिल्म है। इस फिल्म में कानपुर के इंजीनियर चिंटू त्यागी के विवाहेतर संबंध को मजेदार अंदाज में पर्दे पर दिखाया गया था।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow