न्यूजीलैंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खास स्वागत, रोशनी से जगमगाया ऑकलैंड का स्काई टावर

Jul 10, 2026 - 16:17
न्यूजीलैंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खास स्वागत, रोशनी से जगमगाया ऑकलैंड का स्काई टावर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों के दौरे के आखिरी चरण में न्यूजीलैंड पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी के न्यूजीलैंड दौरे पर ऑकलैंड में उनका खास अंदाज में स्वागत किया गया। इस मौके पर शहर के मशहूर स्काई टावर को विशेष रोशनी से सजाया गया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा, ''ऑकलैंड में प्रधानमंत्री का खास स्वागत क‍िया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यूजीलैंड दौरे के स्वागत में वहां के मशहूर स्काई टावर को खास रोशनी से सजाया गया। यह दोनों देशों के बीच दोस्ती और अच्छे रिश्तों का प्रतीक है।''

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का गले लगाकर स्वागत किया। इस दौरान न्यूजीलैंड में भारत की उच्चायुक्त मुआनपुई सैयावी समेत न्यूजीलैंड के कई अधिकारी मौजूद रहे।

पीएम लक्सन ने एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत का वीडियो साझा कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यूजीलैंड में आपका स्वागत है।"

प्रधानमंत्री मोदी ने भी 'एक्स' पर गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का आभार जताया।

पीएम मोदी ने 'एक्स' पर लिखा, "थोड़ी देर पहले ऑकलैंड पहुंचा। एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का शुक्रिया। यह दौरा ऐतिहासिक है, चार दशकों में न्यूजीलैंड का यह पहला प्रधानमंत्री दौरा है। मैं प्रधानमंत्री लक्सन के साथ बातचीत करने और भारत-न्यूजीलैंड दोस्ती पर समग्र चर्चा करने का इंतजार कर रहा हूं। मैं शनिवार ऑकलैंड में एक कम्युनिटी प्रोग्राम को भी संबोधित करूंगा।"

न्यूजीलैंड में रह रहे भारतीय समुदाय ने सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति देकर पीएम मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी के न्यूजीलैंड पहुंचने से पहले वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों ने अपनी खुशी जाहिर की और बताया कि कैसे वह उनका स्वागत करने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री के स्वागत में प्रस्तुति दे रहे भारतीय समुदाय के एक सदस्य ने कहा, "मैं पीएम मोदी के लिए परफॉर्म करने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। वह 40 साल बाद आ रहे हैं, लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि यह वंदे मातरम की 150वीं सालगिरह है, इसलिए हमारा समूह उनके लिए यह परफॉर्म करने और इस मौके को यादगार बनाने को लेकर बहुत उत्साहित है।"

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow