AAP विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी ने गिनाईं 4 साल की उपलब्धियां, कहा – 2027 में फिर बनेगी आम आदमी पार्टी की सरकार
पंजाब। आम आदमी पार्टी के विधायक एवं पंजाब विधानसभा की विशेषाधिकार कमेटी के चेयरमैन कुलवंत सिंह पंडोरी ने अपनी सरकार के 4 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का विस्तार से बखान करते हुए कहा कि सरकार ने जनता से किए गए अधिकांश वादे और गारंटियां पूरी कर दी हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार के कार्यों के कारण विरोधी पार्टियों के पास आलोचना करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।
द तहलका खबर से विशेष बातचीत करते हुए कुलवंत सिंह पंडोरी ने कहा कि पंजाब में लगातार गिर रहे भूजल स्तर को सुधारने के लिए सरकार ने प्रभावी कदम उठाए हैं, जिसके परिणामस्वरूप धरती के पानी के स्तर में लगभग 4 मीटर तक सुधार देखने को मिला है।
उन्होंने कहा कि अकाली दल और कांग्रेस पार्टी ने अपने लंबे कार्यकाल में जितने विकास कार्य नहीं किए, उतने विकास कार्य आम आदमी पार्टी की सरकार ने मात्र 4 वर्षों में कर दिखाए हैं। उनके अनुसार सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आम जनता से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है।
पंडोरी ने कहा कि भ्रष्टाचार पर सख्ती से कार्रवाई करते हुए सरकार ने कई बड़े नशा तस्करों पर शिकंजा कसा है और जिन्हें पहले प्रभावशाली माना जाता था, उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के कार्यकाल में किसान, मजदूर, कर्मचारी, मध्यम वर्ग, निम्न वर्ग और उच्च वर्ग सभी संतुष्ट हैं क्योंकि सभी को समान रूप से सुविधाएं प्रदान की गई हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी भारी बहुमत से दोबारा सरकार बनाएगी, क्योंकि सरकार ने विकास के क्षेत्र में नए रिकॉर्ड स्थापित किए हैं।
What's Your Reaction?

