जिम्मेदारी का प्रदर्शन: प्राधिकरण ने अवैध भवन किया सील
ब्यूरो।
मथुरा। खबर का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। लगातार उठ रहे सवालों और अवैध निर्माण के मामलों को लेकर प्रकाशित खबरों के बाद प्राधिकरण के जिम्मेदार अधिकारी सक्रिय हो गए हैं और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बीते 10 फरवरी को मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव के स्पष्ट और सख्त निर्देशों के तहत यमुना पार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। राया रोड पर ढेरुआ फांटक के पास स्थित एक तीन मंजिला अवैध भवन को प्राधिकरण की टीम ने सील कर दिया। जिसका निर्माण कार्य विकास शुक्ला द्वारा किया जा रहा था।
मौके पर मौजूद रही पूरी टीम
सीलिंग कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता सुमित नागर, अवर अभियंता बदन सिंह सहित प्राधिकरण का अन्य स्टाफ मौके पर मौजूद रहा। टीम ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए भवन को विधिवत सील किया।
उक्त भवन का निर्माण बिना वैध स्वीकृति के कराया जा रहा था। कई बार चेतावनी और नोटिस दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया, जिसके बाद प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए सीलिंग की कार्रवाई की।
सचिव की सख्ती से बदला माहौल
प्राधिकरण के सचिव ने अवैध निर्माण के मामलों को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नियमों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उनके निर्देश के बाद ही विभागीय टीमों ने मैदान में उतरकर कार्रवाई तेज की है।
शहर में लंबे समय से अवैध निर्माण को लेकर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन अब जिस तरह से कार्रवाई हो रही है, उससे यह संकेत मिल रहा है कि प्राधिकरण अब किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।
अवैध निर्माणकर्ताओं में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ऐसे और भी निर्माणों पर प्राधिकरण की नजर रहेगी और नियमों के उल्लंघन पर सीधी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?

