ब्रज से काशी तक सीधा सफर! मथुरा तक बढ़ाने की तैयारी में वाराणसी-आगरा वंदे भारत

Sep 23, 2026 - 06:08
ब्रज से काशी तक सीधा सफर! मथुरा तक बढ़ाने की तैयारी में वाराणसी-आगरा वंदे भारत

मथुरा। ब्रज क्षेत्र के यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए रेलवे बड़ी सुविधा देने की तैयारी में है। वाराणसी-आगरा वंदे भारत एक्सप्रेस को मथुरा तक विस्तारित करने का प्रस्ताव सामने आया है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो मथुरा, आगरा, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी के बीच एक ही सेमी-हाई स्पीड ट्रेन से सीधा सफर संभव हो सकेगा।

अब खबरें आपके मोबाइल पर!
Tehelka Khabar App डाउनलोड करें और ताज़ा खबरों से जुड़े रहें।

मौजूदा समय में ट्रेन संख्या 20176 आगरा कैंट से वाराणसी के बीच प्रयागराज होते हुए चलती है और करीब सात घंटे में यात्रा पूरी करती है। मथुरा तक विस्तार होने पर पूरी यात्रा का समय करीब आठ घंटे से कम रहने का अनुमान है।

ब्रज, प्रयाग और काशी सीधे जुड़ेंगे

ट्रेन के मथुरा तक विस्तार से उत्तर भारत के तीन प्रमुख धार्मिक क्षेत्रों—ब्रज, प्रयाग और काशी—के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा।

मथुरा-वृंदावन आने वाले श्रद्धालु श्रीकृष्ण जन्मभूमि, बांके बिहारी मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा के बाद बिना ट्रेन बदले प्रयागराज और वाराणसी पहुंच सकेंगे। इसी तरह काशी और प्रयागराज से आने वाले यात्रियों को भी ब्रज क्षेत्र तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

खाली सीटों का भी होगा बेहतर इस्तेमाल

रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, 22 से 28 सितंबर के बीच आगरा-प्रयागराज सेक्शन पर प्रतिदिन 600 से अधिक सीटें खाली रही थीं। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, मथुरा तक विस्तार होने से मौजूदा ट्रेन की उपलब्ध क्षमता का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकेगा।

मथुरा में बनानी होगी पिट लाइन

हालांकि ट्रेन के विस्तार के लिए मथुरा जंक्शन पर मेंटेनेंस और वॉशिंग की सुविधाएं विकसित करना जरूरी होगा। इसके लिए आगरा मंडल ने मथुरा में नई पिट लाइन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है।

इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 18 करोड़ रुपये बताई गई है। आगरा मंडल के PRO संजय गौतम के अनुसार, प्रस्ताव सक्षम अधिकारियों के पास भेजा जा चुका है।

हेमा मालिनी ने भी उठाया मामला

मथुरा से सांसद हेमा मालिनी ने भी वाराणसी-आगरा वंदे भारत को मथुरा तक बढ़ाने की मांग को लेकर रेल मंत्री को पत्र लिखा है। यह मामला रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार के समक्ष भी उठाया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले इस विस्तार को लेकर घोषणा की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अंतिम मंजूरी और संचालन की तारीख रेलवे की ओर से आधिकारिक रूप से घोषित होना बाकी है।

पर्यटन और कारोबार को भी मिलेगा फायदा

ट्रेन के मथुरा तक विस्तार से सिर्फ श्रद्धालुओं को ही फायदा नहीं होगा, बल्कि पर्यटकों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों के लिए भी सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज और वाराणसी में होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, स्थानीय गाइड, धार्मिक सामग्री और हस्तशिल्प कारोबार के साथ-साथ स्थानीय परिवहन सेवाओं को भी पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से लाभ मिलने की संभावना है।

अगर प्रस्ताव मंजूर होता है तो यात्रियों के लिए “ब्रज से प्रयाग और प्रयाग से काशी” का सफर एक ही वंदे भारत ट्रेन से पूरा करने का विकल्प उपलब्ध हो जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow