ब्रिटेन में 13 साल में हुआ सबसे बड़ा दंगा !

पिछले सप्ताह सोमवार शाम को लिवरपूल के पास साउथपोर्ट में एक नाबालिग ने एक डांस क्लास में चाकू से कई लोगों पर हमला कर दिया था। इस घटना में 3 बच्चे मारे गए थे और लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद ऑनलाइन अफवाहें फैल गईं कि हमलावर एक मुस्लिम शरणार्थी था, जिससे लोगों में नाराजगी और गुस्सा फैल गया।

Aug 5, 2024 - 14:50
Aug 5, 2024 - 17:23
ब्रिटेन में 13 साल में हुआ सबसे बड़ा दंगा !
ब्रिटेन के साउथपोर्ट शहर में एक सप्ताह पहले चाकू हमले में तीन बच्चियों की मौत के बाद से हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। 17 शहरों में आगजनी और पुलिस के साथ झड़पों की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। एक पुलिसकर्मी की हालत गंभीर है।
 
रविवार को, दक्षिणपंथी प्रदर्शनकारियों ने उत्तरी इंग्लैंड के रॉदरहैम शहर में शरणार्थियों के लिए बने एक होटल में तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने हॉलीडे इन एक्सप्रेस नामक होटल पर हमला किया, जहां 500 शरणार्थी रह रहे हैं। उन्होंने नारेबाजी करते हुए बोतलें फेंककर कई खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए।
 
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए, सरकार ने पुलिस को कार्रवाई के लिए पूरी छूट दे दी है। इंग्लैंड और उत्तरी आयरलैंड में 150 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। यह दंगा ब्रिटेन में पिछले 13 सालों में सबसे बड़ा बताया जा रहा है।
 
सोमवार को, मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट में एक आपातकालीन बैठक बुलाई गई है। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने एक वीडियो संदेश में इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन के नाम पर संगठित हिंसा हो रही है।
 
प्रधानमंत्री स्टार्मर ने कहा कि इन ‘गुंडों’ को जेल भेजने के लिए सरकार जो भी कदम उठाना होगा, वह उठाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस गिरफ्तारियां करेगी, लोगों को रिमांड पर रखा जाएगा, आरोप लगाए जाएंगे, और सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा, "मैं गारंटी देता हूं कि इस हिंसा में शामिल होने पर आपको पछताना पड़ेगा, चाहे आप सीधे तौर पर इसमें शामिल हों या फिर ऑनलाइन।"
 
उन्होंने आगे कहा कि जो लोग चमड़ी के रंग के आधार पर हिंसा कर रहे हैं, वे अति-दक्षिणपंथी हैं। इस देश में सभी लोगों को सुरक्षित रहने का अधिकार है। इसके बावजूद, हमने देखा है कि मुस्लिम समुदायों को निशाना बनाया गया है और मस्जिदों पर हमले हुए हैं। सभी सही सोच वाले लोगों को इस तरह की हिंसा की निंदा करनी चाहिए।
अब खबरें आपके मोबाइल पर!
Tehelka Khabar App डाउनलोड करें और ताज़ा खबरों से जुड़े रहें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow