विंबलडन: इगा स्वियाटेक ने मुश्किल का सामना करते हुए टाउनसेंड को हराया

Jul 1, 2026 - 05:42
विंबलडन: इगा स्वियाटेक ने मुश्किल का सामना करते हुए टाउनसेंड को हराया

मौजूदा चैंपियन इगा स्वियाटेक ने मंगलवार को लंदन के ऑल-इंग्लैंड क्लब में विंबलडन में वर्ल्ड नंबर 79 खिलाड़ी टेलर टाउनसेंड के खिलाफ अपना पहला मैच तीन सेटों में जीता। इसी के साथ स्वियाटेक ने अमांडा अनिसिमोवा और कैरोलिना प्लिस्कोवा के साथ दूसरे राउंड में जगह बना ली है।

पोलिश स्टार ने पिछले साल यहां अपने आखिरी 20 गेम जीतकर छठा ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। वर्ल्ड नंबर 3 खिलाड़ी ने उसी लय को जारी रखते हुए सेंटर कोर्ट पर वापसी करते हुए सिर्फ 31 मिनट में पहला सेट जीत लिया, लेकिन अपनी दोस्त नाओमी ओसाका और कैटरीना सिनियाकोवा के हौसला बढ़ाने पर, अमेरिकी बाएं हाथ की खिलाड़ी टाउनसेंड ने वापसी की और मैच को बराबरी पर लाते हुए निर्णायक सेट तक पहुंचा दिया। हालांकि, स्वियाटेक ने संयम बनाए रखा और दो घंटे दो मिनट में 6-1, 2-6, 6-3 से जीत हासिल की।

विंबलडन में विमेंस सिंगल्स की मौजूदा चैंपियन के तौर पर पहले राउंड में हारने वाली अब तक केवल दो खिलाड़ी रही हैं। साल 1994 में स्टेफी ग्राफ और 2024 में मार्केटा वोंद्रोसोवा के नाम यह अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हुआ था। स्वियाटेक मंगलवार को इस स्थिति से बच गईं, लेकिन उन्हें आगामी मुकाबलों में सावधान रहना होगा।

इससे पहले दिन में, अनिसिमोवा और प्लिस्कोवा ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए सीधे सेटों में जीत हासिल कर दूसरे राउंड में जगह बनाई। जहां पिछले साल की रनर-अप अनिसिमोवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2025 के फाइनल की निराशा को पीछे छोड़ दिया, वहीं पूर्व फाइनलिस्ट प्लिस्कोवा ने अपनी साथी चेक खिलाड़ी टेरेसा वैलेंटोवा पर संयमित जीत के साथ पुराने दिनों की याद दिला दी।

छठी वरीयता प्राप्त अनिसिमोवा को नॉर्थ मैसेडोनिया की लीना ग्योर्चेस्का को 6-3, 6-2 से हराया, जबकि प्लिस्कोवा ने वैलेंटोवा को 6-3, 6-4 से हराकर साल 2022 के बाद अपनी पहली विंबलडन मेन-ड्रॉ जीत हासिल की। अनिसिमोवा के लिए, ओपनिंग राउंड का यह मैच पिछले साल इगा स्वियाटेक से चैंपियनशिप मैच में मिली दुखद हार के बाद एक नई शुरुआत जैसा था।

प्लिस्कोवा की जीत का आधार जबरदस्त दबदबे के बजाय धैर्य, सटीकता और अनुभव था। पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 ने अपने ही देश की खिलाड़ियों के खिलाफ अपना शानदार रिकॉर्ड बनाए रखा और चेक गणराज्य की खिलाड़ियों के खिलाफ अपने करियर का रिकॉर्ड 46-26 कर लिया।

मुकाबले का नतीजा बहुत मामूली अंतर से तय हुआ। हर सेट में सिर्फ एक सर्विस ब्रेक ही निर्णायक साबित हुआ, और प्लिस्कोवा ने दोनों बार आठवें गेम में बढ़त बनाई। यह जीत प्लिस्कोवा के करियर की विंबलडन मेन-ड्रॉ में 19वीं जीत थी और चार साल में चैंपियनशिप में उनकी पहली जीत थी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow