मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण की 109वीं बोर्ड बैठक में बड़े फैसले: नई टाउनशिप, आवासीय योजनाओं और OTS-2026 को मंजूरी
आगरा/मथुरा। मण्डल आयुक्त, आगरा मंडल एवं अध्यक्ष मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण (MVDA) की 109वीं बोर्ड बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। मण्डल आयुक्त ने निर्देश दिए कि बोर्ड द्वारा अनुमोदित सभी योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक की शुरुआत 108वीं बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों की पुष्टि एवं अनुपालन आख्या की समीक्षा के साथ हुई। समीक्षा के दौरान प्राधिकरण द्वारा संचालित विकास योजनाओं, नई परियोजनाओं तथा लंबित प्रस्तावों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए तय समय सीमा के भीतर योजनाओं को धरातल पर उतारा जाए।
नई टाउनशिप को मिली मंजूरी
बैठक में उत्तर प्रदेश टाउनशिप नीति-2023 (लाइसेंस आधारित प्रणाली) के अंतर्गत मैसर्स टी. पोद्दार इंफ्रा डेवलपर्स प्रा. लि. द्वारा ग्राम गांठौली व जतीपुरा में प्रस्तावित नई टाउनशिप की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) को स्वीकृति प्रदान की गई। यह स्वीकृति उ0प्र0 प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, तहसील प्रशासन, नगर पंचायत, लोक निर्माण विभाग एवं वन विभाग से अनापत्ति प्राप्त होने के बाद आवश्यक शर्तों के साथ दी गई।
धार्मिक व थीम आधारित परियोजनाओं को भी हरी झंडी
श्री राधा वृन्दावन चन्द्र मंदिर, कृष्ण लीला थीम पार्क और ग्रुप हाउसिंग परियोजना को आपसी सहमति से दो भागों में विभाजित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। संबंधित संस्थाओं को निर्देश दिया गया कि मानचित्र स्वीकृति और विभागीय अनापत्तियों में उल्लिखित सभी शर्तों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
हनुमत विहार योजना में आंशिक संशोधन
तहसील सदर, मथुरा के ग्राम वाटी स्थित हनुमत विहार आवासीय योजना के विन्यास मानचित्र में आंशिक संशोधन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। यह योजना प्राधिकरण की लैंड पूलिंग स्कीम के अंतर्गत विकसित की जा रही है, जिसका उद्देश्य व्यवस्थित आवासीय विकास को बढ़ावा देना है।
बकायेदारों के लिए OTS-2026 योजना लागू
विकास प्राधिकरण की संपत्तियों के डिफॉल्टर आवंटियों एवं मानचित्र स्वीकृति के सापेक्ष लंबित बकाए की वसूली के लिए एकमुश्त समाधान योजना (OTS-2026) को भी स्वीकृति प्रदान की गई। यह योजना 18 अप्रैल से 17 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगी, जिससे बकायेदारों को राहत मिलने की संभावना है और प्राधिकरण को राजस्व प्राप्त होगा।
हनुमत विहार और गोविन्द विहार योजनाओं की रजिस्ट्री शुरू
बैठक के उपरांत मण्डल आयुक्त नगेन्द्र प्रताप द्वारा प्राधिकरण की दो प्रमुख आवासीय योजनाओं हनुमत विहार आवासीय योजना-2024 एवं गोविन्द विहार आवासीय योजना-2025 के अंतर्गत भूखण्डों की रजिस्ट्री प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ किया गया।
हनुमत विहार योजना-2024 में आर-1, आर-2 और आर-3 श्रेणी के कुल 220 भूखण्डों का आवंटन 24 व 25 नवंबर 2024 को लॉटरी ड्रा के माध्यम से किया गया था, जिनमें से लगभग 160 आवंटियों द्वारा पूर्ण धनराशि जमा कर दी गई है। वहीं गोविन्द विहार योजना-2025 में कुल 121 भूखण्डों का आवंटन 25 व 26 फरवरी 2025 को किया गया, जिनमें से करीब 77 आवंटियों द्वारा भुगतान पूर्ण किया जा चुका है।
प्राधिकरण ने बताया कि सभी आवंटी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शेष औपचारिकताएं पूरी कर स्टाम्प पेपर पर रजिस्ट्री कराकर अपने भूखण्ड का कब्जा प्राप्त कर सकते हैं। योजना से संबंधित नियम व शर्तें आवंटन पत्र एवं ब्रोशर के अनुसार लागू रहेंगी।
बैठक में कई अधिकारी व सदस्य रहे मौजूद
बैठक में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य भुवन भूषण, उपाध्यक्ष मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण लक्ष्मी एन., सचिव आशीष सिंह, मुख्य नगर नियोजक सहित प्राधिकरण बोर्ड के सदस्य एवं अन्य गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
मण्डल आयुक्त ने कहा कि मथुरा-वृन्दावन क्षेत्र के समग्र और संतुलित विकास के लिए योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में बेहतर आवासीय सुविधाएं, पर्यटन विकास और आधारभूत संरचना को मजबूती मिल सके।
What's Your Reaction?

