शपथ ग्रहण समारोह के लिए विदेशी राष्ट्राध्यक्षों का पहुंचना जारी, मालदीव के राष्ट्रपति मोइज्जू पहुंचे दिल्ली

Jun 9, 2024 - 06:18
शपथ ग्रहण समारोह के लिए विदेशी राष्ट्राध्यक्षों का पहुंचना जारी, मालदीव के राष्ट्रपति मोइज्जू पहुंचे दिल्ली

नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन में रविवार शाम होने वाले एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए विदेशी राष्ट्राध्यक्षों का दिल्ली पहुंचना शुरू हो गया है। रविवार सुबह मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मोइज्जू नई दिल्ली पहुंचे।

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि "मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मोइज्जू का शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए नई दिल्ली में स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर सचिव (पश्चिम) पवन कपूर उन्हें लेने पहुंचे। भारत और मालदीव समुद्री साझेदार और करीबी पड़ोसी हैं।"

हाल के महीनों में मालदीव में मोइज्जू सरकार के आने के बाद भारत के साथ मालदीव के रिश्ते कुछ खराब हो गए थे। मोइज्जू भारत विरोधी चुनाव प्रचार के जरिये सत्ता पर काबिज हुए थे। हालांकि नरेन्द्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के मौके के लिए जब मालदीव के राष्ट्रपति को आमंत्रण मिला तो उन्होंने इसे स्वीकार किया। इसे दोनों देशों के रिश्तों में कुछ समय के लिए आई तल्खी खत्म होने का संकेत माना जा रहा है।

इससे पहले शपथ ग्रहण समारोह के लिए शनिवार को बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और मॉरिशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ नई दिल्ली पहुंच चुके हैं।

अब खबरें आपके मोबाइल पर!
Tehelka Khabar App डाउनलोड करें और ताज़ा खबरों से जुड़े रहें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow