पेपर लीक के विरोध में सड़कों पर युवा: क्या केवल प्रदर्शन ही समाधान है या जवाबदेही की भी जरूरत?
देशभर में छात्र NEET-UG और अन्य भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ विरोध कर रहे हैं। परीक्षा के रद्द होने से छात्रों के ऊपर मानसिक और आर्थिक दबाव बढ़ गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि केवल आरोपियों की गिरफ्तारी ही पर्याप्त नहीं होगी; इसके साथ ही डिजिटल सुरक्षा और स्वतंत्र निगरानी जैसे ठोस सुधारों की आवश्यकता है, ताकि युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास दोबारा स्थापित किया जा सके।
हाल के महीनों में देश के कई हिस्सों में छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, खास तौर पर NEET-UG और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं।
लाखों अभ्यर्थियों के लिए ये परीक्षाएं सिर्फ एक परीक्षा नहीं, बल्कि उनके करियर और भविष्य का आधार होती हैं। ऐसे में जब परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो सबसे बड़ा नुकसान उन छात्रों का होता है, जिन्होंने महीनों या वर्षों तक तैयारी की होती है। सवाल यह है कि इन विरोध प्रदर्शनों का परिणाम क्या निकल रहा है,
और क्या सरकार और परीक्षा एजेंसियों की ओर से पर्याप्त जवाबदेही दिखाई दे रही है?
इस विषय पर छात्रों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों के बीच बातचीत के दौरान एक व्यापक चिंता उभरकर आई—समय और ऊर्जा की बर्बादी। कई छात्रों ने बताया कि,
“जब परीक्षा रद्द होती है या विवादों का शिकार होती है, तो उन्हें फिर से तैयारी करनी पड़ती है” जिससे उनका मानसिक तनाव बढ़ जाता है। इसी तरह, कुछ माता-पिता ने यह bola किया कि कोचिंग, अध्ययन सामग्री और आवास एवं भोजन का खर्च उनके लिए भारी वित्तीय बोझ बन जाता है।
शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में हर साल करोड़ों युवा विभिन्न प्रवेश और भर्ती परीक्षाओं में भाग लेते हैं। इन परीक्षाओं का संचालन करना अपने आप में एक कठिनाई है, और तकनीकी सुरक्षा, डेटा प्रबंधन, और परीक्षा केंद्रों की निगरानी में किसी भी प्रकार की कमी असामाजिक तत्वों के लिए एक अवसर बन सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि केवल दोषियों की गिरफ्तारी करना ही समस्या का समाधान नहीं है; परीक्षा प्रणाली में आवश्यक सुधार, डिजिटल सुरक्षा में वृद्धि, और स्वतंत्र निगरानी तंत्र की स्थापना की आवश्यकता है। कई विशेषज्ञ यह भी सुझाव देते हैं कि हर विवाद के बाद होने वाले विरोध प्रदर्शन युवा पीढ़ी में असंतोष को बढ़ाते हैं।
सरकार और संबंधित एजेंसियों ने कई मामलों की जांच, गिरफ्तारी और सुरक्षा उपायों में सुधार की बात कही है। फिर भी, यह सवाल लोगों के बीच बना हुआ है कि क्या ये कदम भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने में प्रभावी होंगे।
जिन छात्रों से बात की गई, उनमें से कई का मानना है कि-
“सिर्फ आश्वासन नहीं चाहिए, बल्कि ऐसी कार्रवाई भी चाहिए जो परीक्षा प्रणाली में उनके विश्वास को फिर से स्थापित कर सके”
कुछ छात्रों ने यह भी कहा कि जब तक जांच की रिपोर्ट और कार्रवाई का तरीका पूरी तरह से पारदर्शी नहीं होगा, तब तक संदेह और असंतोष बना रहेगा।
परीक्षा विवादों के बीच में सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि क्या ये घटनाएँ युवाओं की ऊर्जा को भटका रही हैं या क्या ये प्रदर्शन व्यवस्थाओं में सुधार के लिए एक लोकतांत्रिक तरीका हैं। जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया का महत्व अपनी जगह है, लेकिन यह भी अनिवार्य है कि परीक्षा प्रणाली ऐसी हो, जिसमें छात्रों को अपनी मेहनत के परिणाम पर विश्वास हो सके। किसी भी देश की सबसे बड़ी संपत्ति उसके युवा होते हैं, और यदि उनका समय, आत्मविश्वास और ऊर्जा निरंतर विवादों में बर्बाद होता है, तो इसका प्रभाव केवल उनके व्यक्तिगत करियर पर ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र पर भी पड़ेगा।
What's Your Reaction?

