राष्ट्रीय स्तर पर चमके मथुरा के नरेन्द्र भारद्वाज, आईजेयू मथुरा इकाई में हर्ष की लहर

Apr 2, 2026 - 14:46
राष्ट्रीय स्तर पर चमके मथुरा के नरेन्द्र भारद्वाज, आईजेयू मथुरा इकाई में हर्ष की लहर

मथुरा। इंडियन जर्नलिस्ट यूनियन (आईजेयू) की विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) में आयोजित तीन दिवसीय 11वीं प्लेनरी बैठक में उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, मथुरा इकाई के जिलाध्यक्ष नरेन्द्र भारद्वाज को राष्ट्रीय सचिव के महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस उपलब्धि से प्रदेश सहित मथुरा के पत्रकारों में खुशी का माहौल है। वहीं शाहजहांपुर के वरिष्ठ पत्रकार रविन्द्र सिंह को राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य चुना गया है, जिससे उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व संगठन में और सशक्त हुआ है।

विजयवाड़ा में आयोजित आईजेयू के 11वें प्लेनरी सत्र का शुभारंभ आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने किया। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के 27 राज्यों से जुड़े पत्रकार प्रतिनिधियों ने भाग लेकर संगठन की गतिविधियों और पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान वरिष्ठ पत्रकार एम. ए. मजीद ने चुनाव अधिकारी की भूमिका निभाते हुए नई केंद्रीय कार्यकारिणी के निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा की और उन्हें जिम्मेदारियों से अवगत कराया।

नरेन्द्र भारद्वाज के राष्ट्रीय सचिव चुने जाने पर मथुरा सहित प्रदेश के पत्रकारों ने प्रसन्नता व्यक्त की। साथियों का कहना है कि उन्होंने हमेशा पत्रकारों के हितों की मजबूती से पैरवी की है तथा संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई है। वे लंबे समय से पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं और संगठनात्मक एकता को बढ़ाने में योगदान देते रहे हैं।

उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश महामंत्री रमेश शंकर पांडेय ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताया। उनका कहना है कि राष्ट्रीय स्तर पर मथुरा और उत्तर प्रदेश के पत्रकारों की भागीदारी बढ़ने से पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को और मजबूती मिलेगी।

इस सम्मेलन में मथुरा से जिला महासचिव रमेश चंद, वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा, मोहन मीना, बी. एल. पांडेय और आबिद सहित कई पत्रकार प्रतिनिधियों ने भाग लेकर संगठन की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow