आज के कारोबार में निफ्टी रियल्टी, बैंक, मेटल और ऑटो इंडेक्स में 4% से ज्यादा की गिरावट हुई है। इसके अलावा, आईटी, मीडिया और ऑयल इंडेक्स भी करीब 3% नीचे रहे। सेंसेक्स में टॉप लूजर्स में टाटा मोटर्स, अडाणी पोर्ट, टाटा स्टील, इंफोसिस और JSW स्टील शामिल हैं, जो करीब 5% गिरे हैं।
ईरान और इजराइल के बीच युद्ध की आशंका के कारण ग्लोबल मार्केट में नकारात्मक भावना है, जिसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा है। अमेरिका में मंदी की आशंका बढ़ने से पिछले कारोबारी दिन अमेरिकी बाजार में भी गिरावट रही, जिसका प्रभाव दुनियाभर के बाजारों में देखा जा रहा है। वॉरेन बफे की कंपनी बर्कशायर हैथवे ने एप्पल में अपनी 50% हिस्सेदारी बेच दी है और अब कैश बढ़ाने पर ध्यान दे रहे हैं। अन्य बड़े निवेशक भी सेलिंग कर रहे हैं। भारतीय शेयर बाजार के मौजूदा मूल्यांकन बढ़े हुए हैं, विशेष रूप से मिड और स्मॉल-कैप सेगमेंट में। इस कारण बाजार में अच्छा-खासा करेक्शन आ सकता है।
बाजार की इस गिरावट में निवेशकों के लगभग 17 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। 5 अगस्त को सुबह 11:40 बजे तक BSE पर सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप 440 लाख करोड़ रुपए था, जो शुक्रवार को लगभग ₹457 लाख करोड़ था। आज बाजार में 2686 अंकों (3.31%) की गिरावट देखी गई, जो इस साल की दूसरी सबसे बड़ी गिरावट है। इससे पहले 4 जून को सेंसेक्स 4389 अंकों (5.74%) की गिरावट के साथ 72,079 के स्तर पर बंद हुआ था।
एशियाई बाजारों में भी गिरावट देखी जा रही है। जापान का निक्केई इंडेक्स 12.40% गिरकर बंद हुआ। कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 8% नीचे है, जबकि हांगकांग के हैंगसेंग इंडेक्स में 2.20% की गिरावट है। चीन के शंघाई कंपोजिट में भी 1.27% की गिरावट है। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार डाओ जोन्स 1.51% गिरकर बंद हुआ था।
ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के आईपीओ का आज दूसरा दिन है, और निवेशक इसमें 6 अगस्त तक बिडिंग कर सकते हैं। 9 अगस्त को कंपनी के शेयर स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होंगे। सीगल इंडिया के आईपीओ के सब्सक्रिप्शन का आज आखिरी दिन है। अब तक यह इश्यू कुल 1.26 गुना सब्सक्राइब हुआ है। लिस्टिंग से पहले कंपनी का शेयर ग्रे मार्केट में 13.22% यानी ₹53 प्रति शेयर के प्रीमियम पर पहुंच गया है।
फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एफआईआई) ने 2 अगस्त को ₹3,310.00 करोड़ के शेयर बेचे, जबकि डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (डीआईआई) ने ₹2,965.94 करोड़ के शेयर खरीदे। इससे पहले शुक्रवार, 2 अगस्त को भी बाजार में गिरावट देखी गई थी। सेंसेक्स 885 अंकों की गिरावट के साथ 80,981 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी में 293 अंकों की गिरावट रही, जो 24,717 के स्तर पर बंद हुआ था।