उद्घाटन के दिन होटल में आग, अगले दिन MVDA की सील: वृंदावन के सिद्धि विनायक होटल पर उठे बड़े सवाल
मथुरा के वृंदावन स्थित रुक्मिणी विहार कॉलोनी में 11 फरवरी को नवनिर्मित चार मंजिला सिद्धि विनायक होटल में उसके उद्घाटन के दिन ही आग लग गई। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे द्वितीय तल के एक कमरे में आग भड़कने से अफरा-तफरी मच गई और एक महिला व दो बच्चे झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने राहत-बचाव कार्य चलाकर आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मौके का निरीक्षण कर नियमों की अनदेखी पाए जाने पर कार्रवाई की बात कही है।
घटना के अगले ही दिन 12 फरवरी को मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA) ने होटल को सील कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार भवन का मानचित्र आवासीय श्रेणी में स्टिल्ट प्लस थ्री के रूप में स्वीकृत था, जिसमें भूतल पर पार्किंग (स्टिल्ट) का प्रावधान था। आरोप है कि स्टिल्ट क्षेत्र में हॉल और कमरे निर्मित कर व्यावसायिक उपयोग किया गया तथा सेटबैक का भी उल्लंघन हुआ। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि निर्माण के दौरान निगरानी कैसे हुई, क्या मानचित्र के विपरीत निर्माण पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई, और शहर के अन्य आवासीय क्षेत्रों में चल रहे व्यावसायिक उपयोगों की जांच कब होगी।
अब निगाहें इस पर हैं कि क्या प्राधिकरण व्यापक जांच कर जवाबदेही तय करेगा और समान प्रकृति के अन्य मामलों पर भी कार्रवाई करेगा, या यह कदम केवल इस एक घटना तक सीमित रहेगा।
What's Your Reaction?

