पुणे एयरपोर्ट रनवे की हुई मरम्मत, हवाई अड्डे पर विमान परिचालन फिर से शुरू

Apr 18, 2026 - 05:31
पुणे एयरपोर्ट रनवे की हुई मरम्मत, हवाई अड्डे पर विमान परिचालन फिर से शुरू

पुणे एयरपोर्ट से विमान सेवाओं का परिचालन फिर से शुरू हो गया है। भारतीय वायु सेना के एक विमान से जुड़ी घटना के बाद पुणे हवाई अड्डे का रनवे कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था।

भारतीय वायु सेना ने बताया कि पुणे हवाई अड्डे पर शुक्रवार रात करीब 22:25 बजे लैंडिंग के दौरान एक लड़ाकू विमान के अंडरकैरिज में खराबी आ गई और वह रनवे पर ही फंस गया। इस तकनीकी खराबी के कारण रनवे पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया और हवाई अड्डे पर विमानों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया था।

भारतीय वायु सेना एटीसी के अनुसार, यह अनुमान लगाया गया था कि रनवे से रुकावट हटाने और सामान्य विमान परिचालन फिर से शुरू करने में लगभग 4 से 5 घंटे का समय लगेगा। इस घटना के बाद, रनवे कुछ समय के लिए पूरी तरह से बंद रहा। इस बीच, मरम्मत का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया और पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की गई। इसके बाद शनिवार सुबह 07:30 बजे से विमानों की रवानगी फिर से शुरू हो गई। जबकि विमानों का आगमन सुबह 08:00 बजे से शुरू हुआ।

गौरतलब है कि पुणे हवाई अड्डा, जो नागरिक और सैन्य दोनों तरह के विमानों के संचालन का केंद्र है। महाराष्ट्र के प्रमुख विमानन केंद्रों में से एक है। रनवे की उपलब्धता में किसी भी तरह की रुकावट से आमतौर पर व्यस्त समय (पीक आवर्स) के दौरान कई विमानों के आगमन और प्रस्थान पर असर पड़ता है।

गुरुवार को हुई एक अलग घटना में दिल्ली हवाई अड्डे पर स्पाइसजेट का एक विमान अकासा एयर के एक खड़े विमान से टकरा गया। इस टक्कर से दोनों विमानों को मामूली नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। यह घटना दोपहर लगभग 2:15 बजे हुई। उस समय लेह से आया स्पाइसजेट का विमान अपने निर्धारित 'बे' (पार्किंग स्थल) की ओर बढ़ रहा था, तभी वह अकासा एयर के विमान के संपर्क में आ गया। अकासा एयर का वह विमान उस समय हैदराबाद के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था।

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, स्पाइसजेट विमान का दाहिना 'विंगलेट' क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि टक्कर के कारण अकासा एयर विमान के बाएं 'हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर' (विमान को संतुलित रखने वाला हिस्सा) को क्षति पहुंची।

अकासा एयर के एक प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली उसकी उड़ान (फ्लाइट क्यूपी 1406) घटना के बाद वापस अपने 'बे' पर लौट आया। प्रवक्ता ने कहा, "शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि अकासा का विमान उस समय स्थिर (खड़ा) था, जब किसी अन्य एयरलाइन का विमान उससे टकरा गया।"

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow