स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया में डीन के दो पदों पर भर्ती शुरू, 64 वर्ष तक के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

May 29, 2026 - 03:56
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया में डीन के दो पदों पर भर्ती शुरू, 64 वर्ष तक के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है। दरअसल, एसएआई ने संकायाध्यक्ष (डीन) के कुल 2 पदों पर भर्ती के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक नोटिफिकेशन जारी किया है।  

एसएआई की ओर से जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 21 मई के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 5 जून तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार डीन के पद पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से खेल विज्ञान के संबंधित क्षेत्र में पीएचडी की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास खेल विज्ञान/चिकित्सा के क्षेत्र में 3 वर्ष का अनुभव होना अनिवार्य है।

डीन पद के लिए वे कैंडिडेट्स आवेदन करने के योग्य हैं, जो केंद्र सरकार/राज्य सरकार/केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के अधीन वैज्ञानिक कैडर में कार्यरत अधिकारी हैं और जो मूल संवर्ग/विभाग में समकक्ष पद पर कार्यरत हैं या वे अधिकारी जिन्होंने वेतन स्तर-12, 78,800 से 2,09,200 रुपए (पीबी-3, 15,600 से 39,100 रुपए के साथ 7,600 रुपए ग्रेड पे) में न्यूनतम 5 वर्ष की नियमित सेवा पूर्ण की हो।

आवेदकों की अधिकतम आयु 64 वर्ष तय कई गई है, जिसकी गणना 21 मई के आधार पर की जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी वेतन स्तर-13 के आधार पर 1,23,100 से 2,15,900 (पीबी-4, 37,400 से 67,000 रुपए के साथ 8,700 रुपए ग्रेड पे) प्रति माह होगी। इसी के साथ उम्मीदवारों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow