वियतनाम घूमने की तैयारी, लेकिन पहुंच गए जेल, रिश्वत केस में MCD डिप्टी कमिश्नर समेत 2 अधिकारी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

MCD डिप्टी कमिश्नर अभिषेक मिश्रा और AO देवांशू गौतम रिश्वत केस में गिरफ्तार। CBI ने कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत दिलाई।

Apr 2, 2026 - 06:46
Apr 2, 2026 - 06:48
वियतनाम घूमने की तैयारी, लेकिन पहुंच गए जेल, रिश्वत केस में MCD डिप्टी कमिश्नर समेत 2 अधिकारी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

दिल्ली नगर निगम (MCD) में रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार डिप्टी कमिश्नर लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक कुमार मिश्रा और प्रशासनिक अधिकारी देवांशू (दिव्यांशु) गौतम को राउज एवेन्यू स्थित विशेष CBI अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया है।

दोनों आरोपियों को CBI की एक दिन की रिमांड पूरी होने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया।

अपने ही कर्मचारी से मांगी थी 4 लाख की रिश्वत

CBI के अनुसार अभिषेक कुमार मिश्रा दिल्ली नगर निगम के शाहदरा नॉर्थ जोन में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात थे। उन पर विभागीय कार्रवाई का सामना कर रहे एक कर्मचारी से 4 लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।

जांच एजेंसी का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारी देवांशू गौतम इस मामले में बिचौलिए (मिडिलमैन) की भूमिका निभा रहे थे।

CBI ने जाल बिछाकर रंगे हाथ पकड़ा

शिकायत मिलने के बाद CBI ने 27 मार्च को जाल बिछाया। जांच एजेंसी ने राजघाट पार्किंग क्षेत्र में कार के अंदर रिश्वत लेते समय देवांशू गौतम को रंगे हाथ पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि रिश्वत की रकम लेने के बाद गौतम ने अभिषेक मिश्रा को फोन किया और बाद में नकदी उनके घर तक पहुंचाई गई, जहां से CBI ने रकम बरामद कर ली।

CBI के पास आरोपियों के बीच हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है, जिसे अहम सबूत माना जा रहा है।

छुट्टियां मनाने वियतनाम जाने वाले थे डिप्टी कमिश्नर

सूत्रों के अनुसार डिप्टी कमिश्नर अभिषेक मिश्रा 2 अप्रैल से वियतनाम घूमने जाने वाले थे और उनकी छुट्टियां पहले से मंजूर हो चुकी थीं। लेकिन टूर पर रवाना होने से तीन दिन पहले ही CBI ने उन्हें रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले में पूर्व मेयर श्याम सुंदर अग्रवाल की अहम भूमिका रही, जिन्होंने शिकायत CBI तक पहुंचाने में मदद की।

पहले भी हुआ था ट्रांसफर

सूत्रों के अनुसार प्रशासनिक अधिकारी देवांशू गौतम का 6 अगस्त 2025 को साउथ जोन के प्रॉपर्टी टैक्स विभाग से शाहदरा नॉर्थ जोन के डेम्स विभाग में ट्रांसफर किया गया था।

बताया गया है कि अभिषेक मिश्रा 30 मार्च को स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में शामिल हुए थे, जिसके करीब एक घंटे बाद ही CBI ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

शाहदरा नॉर्थ जोन में फिर CBI की दबिश

इस मामले में जांच जारी है। बुधवार को CBI ने शाहदरा नॉर्थ जोन के बिल्डिंग विभाग में भी छापा मारा। यहां जूनियर इंजीनियर शुभम रावत और बेलदार गिरीराज बसल से पूछताछ की गई।

CBI टीम ने दोनों आरोपियों के घरों पर भी तलाशी ली है। हालांकि देर शाम तक उनकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।

आगे और गिरफ्तारी संभव

CBI अब इस मामले में शामिल अन्य संभावित लोगों और लाभार्थियों की पहचान करने में जुटी है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow