भारत जैसे विविधताओं से भरे देश में हर दर्शक के दिल में उतरना बड़ी चुनौती : अभिनेता आदर्श गौरव

Jun 2, 2026 - 04:06
भारत जैसे विविधताओं से भरे देश में हर दर्शक के दिल में उतरना बड़ी चुनौती : अभिनेता आदर्श गौरव

द व्हाइट टाइगर' और 'सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव' जैसी अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं में काम करके अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता आदर्श गौरव का मानना है कि भारतीय मुख्यधारा के व्यावसायिक सिनेमा में मजबूत पहचान बनाना अभी भी उनके करियर का एक बड़ा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि वह इस चुनौती से पीछे हटने वाले नहीं हैं।

अभिनेता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भारत जैसे विविधताओं से भरे देश में, जहां भाषा और संस्कृति हर क्षेत्र में बदल जाती है, वहां हर वर्ग के दर्शकों के दिलों तक पहुंचना किसी भी कलाकार के लिए बड़ी परीक्षा होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि अपनी आगामी फिल्मों के जरिए वह देश के कोने-कोने तक पहुंचेंगे और दर्शकों का भरपूर प्यार हासिल करेंगे।

उन्होंने कहा, "भारत जैसे देश में ऐसी फिल्म का हिस्सा बनना, जो पूरे देश के लोगों के दिलों को छू जाए, और ऐसा अभिनय करना जो हर तरह की पृष्ठभूमि के लोगों से जुड़ सके, किसी भी अभिनेता के लिए बड़ी चुनौती है। मेरे लिए भी यह एक बड़ी चुनौती है। मुझे उम्मीद है कि मैं ऐसी फिल्में करता रहूंगा, जो ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचें और मुझे अधिक लोगों से जुड़ने का अवसर दें।"

जब आईएएनएस ने उनसे पूछा कि क्या बॉलीवुड में सफलता के लिए केवल प्रतिभा ही नहीं, बल्कि धैर्य और किस्मत की भी जरूरत होती है, तो अभिनेता ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफल होने के लिए किस्मत का साथ होना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा, "आपकी जान-पहचान कितनी भी अच्छी क्यों न हो, अगर किस्मत आपका साथ नहीं दे रही है तो आप बहुत कुछ नहीं कर सकते। मुझे लगता है कि हम अक्सर इस भ्रम में जीते हैं कि हमारी जिंदगी की हर चीज हमारे नियंत्रण में है, लेकिन यह पूरी तरह सच नहीं है। चुनौतियां हर किसी के सामने आती हैं।"

आदर्श गौरव ने यह भी बताया कि वह अपने वरिष्ठ कलाकारों से क्या सीखते हैं। उन्होंने कहा कि वह अभिनेता राजकुमार राव से बेहद प्रेरित होते हैं।

उन्होंने कहा, "मैं राज भाई से हमेशा प्रेरित होता रहता हूं। उनकी एक आदत मुझे बहुत पसंद है। वह हर दिन एक फिल्म जरूर देखते हैं। मेरा मानना है कि अभिनेताओं और रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े लोगों के लिए यह बहुत जरूरी है। अलग-अलग तरह की फिल्में देखने से नई दुनियाओं, नए नजरियों और कहानी कहने के अलग-अलग तरीकों को समझने का मौका मिलता है। इससे मुझे काफी प्रेरणा मिलती है और मैं भी ज्यादा से ज्यादा फिल्में देखने की कोशिश करता हूं।"

अपने आगामी प्रोजेक्ट्स के बारे में बात करते हुए आदर्श गौरव ने बताया कि वह फिलहाल 'एलियन' के दूसरे सीजन पर काम कर रहे हैं और जल्द ही इसकी शूटिंग शुरू करेंगे।

उन्होंने कहा, "मैंने 'हैप्पी बर्थडे' नाम की एक तेलुगू फिल्म भी पूरी कर ली है, जिस पर मैंने पिछले साल काम किया था। उम्मीद है कि यह फिल्म इस साल के आखिर में या अगले साल की शुरुआत में रिलीज होगी। मैं इसका भी बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।"

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow