भारत का युवा इंतजार की पीढ़ी बन गया है?
भारत के लाखों युवा अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद भर्ती विज्ञापनों, परीक्षा तिथियों और परिणामों के लंबे इंतजार में अपना बहुमूल्य समय बर्बाद कर रहे हैं। 2002 से 2025 तक, 45 बड़े पेपर लीक की घटनाओं ने लगभग 3.8 करोड़ उम्मीदवारों को प्रभावित किया है, जिससे युवाओं का भर्ती प्रणाली पर भरोसा कम हुआ है। जबकि सरकार की PMKVY, PMEGP और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाएं मौजूद हैं, विशेषज्ञों का मानना है कि जनसंख्या लाभ को वास्तविक अवसरों में बदलने के लिए एक तेज, निष्पक्ष और विश्वसनीय भर्ती प्रणाली का होना अत्यंत आवश्यक है।
"पहले अध्ययन का दौर, फिर परीक्षा का समय, इसके बाद परिणाम का सामना, और अंततः नौकरी की तलाश।"
भारत के लाखों युवाओं की ज़िंदगी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा आज इसी इंतजार में बीत रहा है।
इस विषय पर हमने विभिन्न समूहों के लोगों से बातचीत की, अधिकतर युवाओं ने व्यक्त किया कि उनका अधिकतर समय अब अवसरों की तलाश करने के बजाय अवसरों के आने की प्रतीक्षा में ही गुजर रहा है। एक सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा छात्र ने कहा,
"हम अध्ययन से ज्यादा भर्ती विज्ञापनों, परीक्षा की तिथियों और परिणामों की प्रतीक्षा करते हैं।"
पिछले कुछ वर्षों में युवाओं के लिए अनेक योजनाओं की शुरुआत की गई है, जैसे कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, स्टार्टअप इंडिया, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020। इन पहलों पर हजारों करोड़ रुपये का निवेश किया गया है, जिनका मुख्य उद्देश्य कौशल विकास, उद्यमिता को बढ़ावा देना, रोजगार के अवसर पैदा करना और शिक्षा में सुधार करना है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, लाखों युवा इन कार्यक्रमों का हिस्सा बन चुके हैं। हालांकि, कई युवाओं
बिहार से आए एक प्रतियोगी परीक्षा के अभ्यर्थी ने बताया,
"भर्ती का फॉर्म भरने से लेकर नियुक्ति पत्र प्राप्त करने में कई बार तीन से चार साल का समय लग सकता है।"
वहीं, दिल्ली में पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने कहा कि, “सरकारी नौकरियों के अलावा निजी क्षेत्र में भी स्थिर और अच्छे वेतन वाली नौकरियों के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ती जा रही है। “
कई युवाओं ने यह भी साझा किया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में देरी, अदालतों में चल रहे मामले, और कुछ स्थितियों में प्रश्नपत्र लीक होने जैसी घटनाएं इस इंतजार को और बढ़ा देती हैं।
हाल के कुछ वर्षों में NEET, शिक्षक नियुक्ति, पुलिस भर्ती और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में विवादों ने युवाओं की चिंताओं में वृद्धि कर दी है। इंडियन एक्सप्रेस द्वारा प्रकाशित एक जांच रिपोर्ट के अनुसार, 2002 से 2025 के बीच कम से कम 45 विशाल पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिनका प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 3.8 करोड़ उम्मीदवारों पर प्रभाव पड़ा है। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि भारत जैसे बड़े देश में हर साल लाखों पदों पर नियुक्तियों के साथ करोड़ों छात्रों की परीक्षाएं आयोजित करना एक मुश्किल प्रशासनिक कार्य है, जिसमें पारदर्शिता और तत्परता को बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होता है।
श्रम बाजार के विशेषज्ञों का मानना है कि समस्या केवल रोजगार के अवसरों की कमी की नहीं है, बल्कि यह भी महत्वपूर्ण है कि रोजगार की गुणवत्ता, कौशल और उद्योगों की आवश्यकताओं के बीच का अंतर। कई अर्थशास्त्रियों का कहना है कि भारत दुनिया के सबसे युवा जनसंख्या वाले देशों में से एक है, लेकिन इस जनसांख्यिकीय लाभ को वास्तविक अवसरों में बदलने के लिए एक तेज और विश्वसनीय भर्ती प्रणाली की आवश्यकता है। यदि युवाओं को लंबे समय तक अनिश्चितता का सामना करना पड़ता है, तो इससे उनकी आर्थिक स्थिति, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक विश्वास पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
जनता से बातचीत के परिणामस्वरूप यह सामने आया कि भारत के युवा केवल नौकरी मिलने की आस नहीं लगाए बैठे हैं। वे समय पर परीक्षाएं, निष्पक्ष चयन प्रक्रिया, और स्पष्ट परिणामों के साथ बेहतर अवसरों की भी तलाश कर रहे हैं। हालांकि उनमें निराशा की झलक दिखती है, फिर भी उम्मीद पूरी तरह से नहीं मिटी है। इसी कारण आज का युवा सवाल उठा रहा है—
क्या उनके भविष्य का निर्धारण उनकी मेहनत करेगी, या फिर इस लंबी प्रतीक्षा की कतार?
किसी भी देश की असली ताकत उसका युवा वर्ग होता है, और यदि ये युवा लगातार इंतजार में खड़े नजर आते हैं, तो यह सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि समूचे समाज के लिए चिंता का विषय बन जाता है।
What's Your Reaction?

