कानपुर में फर्जी दरोगा गिरफ्तार: 10 साल तक चला खेल, शादी से लेकर वसूली तक किया फर्जीवाड़ा
कानपुर पुलिस ने फर्जी दरोगा आजाद सिंह को पकड़ा। 10 साल तक वर्दी पहनकर ठगी, गाड़ियों से वसूली और शादी तक कर डाली। पूरा मामला जानें।
कानपुर। यूपी पुलिस की वर्दी पहनकर 10 साल तक लोगों को ठगने वाले फर्जी दरोगा आजाद सिंह जादौन को सजेती पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ उसका साला भी पकड़ा गया, जो फॉलोवर बनकर पूरे खेल में शामिल था। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
कैसे शुरू हुआ खेल
आजाद सिंह ने 2015 में फर्जीवाड़े की शुरुआत की। उसने एक पुलिस वर्दी खरीदी और खुद को सिपाही बताना शुरू कर दिया। थाने के पास ही कमरा लेकर रोज वर्दी पहनकर निकलता और छोटी-मोटी दबंगई कर लोगों के बीच पहचान बनाने लगा।
वर्दी देखकर हुई शादी
2019 में अमोली गांव के जयवीर सिंह ने अपनी बेटी सुजाता की शादी उससे कर दी। परिवार को लगा कि दामाद पुलिस में है और उनकी बेटी सुरक्षित हाथों में है। शादी के बाद भी आजाद हमेशा वर्दी पहनकर ही ससुराल आता और कहता कि उसकी पोस्टिंग किसी ‘स्पेशल जांच’ में है।
साले को भी बनाया साथी
आजाद ने अपने साले सौरभ सिंह को भी साथ जोड़ लिया। उसे गाड़ी में बैठाकर फॉलोवर की तरह घुमाता और लोगों से वसूली करता। गांव के लोग उसे दरोगा जी कहकर सलाम करने लगे।
खुद को ‘प्रमोशन’ देकर बना दरोगा
साल 2020 तक आजाद खुद को सिपाही बताता रहा। बाद में उसने नई वर्दी और स्टार खरीदे और खुद को दरोगा घोषित कर लिया। अब उसने केवल दबंगई ही नहीं, बल्कि गाड़ियों से अवैध वसूली और नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठना शुरू कर दिया।
चोरी ने खोला राज
अगस्त 2025 में सजेती गांव में एक चोरी हुई। जांच के दौरान थानेदार अवधेश सिंह को ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में एक ‘दरोगा’ गाड़ियों से वसूली करता है। लेकिन रिकॉर्ड में उस क्षेत्र में कोई दरोगा तैनात नहीं था। पता करने पर आजाद का इटावा एड्रेस मिला, लेकिन वहां भी उसकी कोई तैनाती नहीं पाई गई।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा
थानेदार अवधेश सिंह ने आजाद को चौकी बुलवाया। वह बाकायदा वर्दी पहनकर साले के साथ पहुंचा और खुद को दरोगा साबित करने की कोशिश की। लेकिन पूछताछ में उसकी पोल खुल गई और उसने पूरा सच उगल दिया।
परिवार में सन्नाटा
गिरफ्तारी की खबर लगते ही ससुराल वाले सदमे में आ गए। सुजाता के पिता जयवीर सिंह ने कहा—“हमें गर्व था कि बेटी दरोगा के घर गई है, लेकिन अब लगता है हम सबसे बड़े धोखे में रहे।”
What's Your Reaction?

