'जगद्धात्री' ने बदली सोनाक्षी बत्रा की सोच, बताया- 'मैं भारतीय सेना का पहले से कहीं ज्यादा सम्मान करती हूं'

Aug 14, 2026 - 04:56
'जगद्धात्री' ने बदली सोनाक्षी बत्रा की सोच, बताया- 'मैं भारतीय सेना का पहले से कहीं ज्यादा सम्मान करती हूं'

टीवी अभिनेत्री सोनाक्षी बत्रा इन दिनों शो 'जगद्धात्री' में अपने किरदार को लेकर चर्चा में हैं। पर्दे पर एक मजबूत और साहसी महिला का किरदार निभाते-निभाते इस भूमिका ने उनकी निजी सोच पर भी गहरा असर डाला है। खासकर देशभक्ति को लेकर उनका नजरिया पहले से काफी बदल गया है।  

सोनाक्षी ने आईएएनएस से खास बातचीत में बताया कि जब वह जगद्धात्री की वर्दी पहनकर कैमरे के सामने आती हैं, तो उन्हें देश की रक्षा करने वाले असली नायकों की जिम्मेदारियां और उनके बलिदान को समझने का भी मौका मिलता है।

सोनाक्षी ने कहा, ''जगद्धात्री का किरदार निभाने के बाद मेरे लिए देशभक्ति का मतलब पहले से कहीं ज्यादा गहरा हो गया है। जब भी मैं वर्दी पहनकर इस किरदार में आती हूं, तो मेरे अंदर एक अलग तरह की ताकत महसूस होती है। यह भूमिका मुझे आत्मविश्वास देती है और साथ ही यह सोचने पर मजबूर करती है कि असल जिंदगी में देश की रक्षा करने वाले कितनी हिम्मत के साथ जिम्मेदारियां निभाते हैं।''

सोनाक्षी ने आगे कहा, ''जगद्धात्री का किरदार निभाते हुए मुझे सेना, पुलिस, नौसेना और देश की सुरक्षा से जुड़े दूसरे बलों के साहस को समझने का मौका मिला। ये जवान कई बार अपनी जान तक जोखिम में डाल देते हैं, लेकिन देश और उसके लोगों की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखते हैं। उनके लिए ड्यूटी सिर्फ नौकरी नहीं होती, बल्कि जीवन जीने का एक तरीका बन जाती है।''

एक्ट्रेस ने कहा, ''पर्दे पर किसी बहादुर किरदार को निभाना और असल जिंदगी में देश की रक्षा करना दो अलग चीजें हैं। कैमरा बंद होने के बाद कलाकार सामान्य जीवन में लौट जाता है, लेकिन सेना, पुलिस और दूसरे सुरक्षा बलों के जवानों के लिए जिम्मेदारी हर दिन बनी रहती है। अब मैं इन वास्तविक नायकों को पहले से कहीं ज्यादा सम्मान की नजर से देखती हूं।''

सोनाक्षी ने कहा, ''इस स्वतंत्रता दिवस पर मुझे गर्व महसूस हो रहा है कि मैं ऐसा किरदार निभा रही हूं, जो साहस और देश के प्रति समर्पण की भावना को दिखाता है। जगद्धात्री की भूमिका मुझे हर दिन यह याद दिलाती है कि देश की सुरक्षा के लिए जिंदगी समर्पित करने वाले लोगों की कितनी अहमियत है।''

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow