बागपत में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया गन्ना अधिकारी, 15 हजार लेते ही एंटी करप्शन टीम ने दबोचा

Apr 2, 2026 - 06:29
बागपत में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया गन्ना अधिकारी, 15 हजार लेते ही एंटी करप्शन टीम ने दबोचा

उत्तर प्रदेश के बागपत में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मेरठ एंटी करप्शन टीम ने कोऑपरेटिव शुगर मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी (CCO) राजदीप बालियान को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी पर गन्ना तौल क्लर्क को ड्यूटी लगाने के नाम पर घूस मांगने का आरोप है।

अब खबरें आपके मोबाइल पर!
Tehelka Khabar App डाउनलोड करें और ताज़ा खबरों से जुड़े रहें।

एंटी करप्शन टीम आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची, जहां उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

ड्यूटी लगाने के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत

शिकायतकर्ता विशेष कुमार, जो गन्ना विभाग में तौल क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं, ने मेरठ एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि मुख्य गन्ना अधिकारी राजदीप बालियान उनसे गन्ना क्रय केंद्र पर ड्यूटी लगाने के बदले 15 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।

आरोप है कि रुपये न देने पर उन्हें मिल गेट पर चौकीदारी की ड्यूटी लगाने की धमकी दी जा रही थी।

केमिकल लगे नोटों के साथ बिछाया जाल

बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे मेरठ से आई सात सदस्यीय एंटी करप्शन टीम बागपत स्थित शुगर मिल पहुंची। टीम ने पहले से ही नोटों पर विशेष केमिकल लगा दिया था और क्लर्क को रुपये लेकर अधिकारी के पास भेजा।

जैसे ही अधिकारी ने रिश्वत के रुपये लिए, टीम ने मौके पर ही उन्हें पकड़ लिया।

पहले भी लग चुके हैं भ्रष्टाचार के आरोप

गन्ना विभाग में चर्चा है कि करीब एक साल पहले भी मुख्य गन्ना अधिकारी पर घूसखोरी के आरोप लगे थे। उसी कर्मचारी विशेष कुमार ने आरोप लगाया था कि अधिकारी पैसे लेकर पसंदीदा कर्मचारियों को मनचाही जगह पर ड्यूटी लगाते हैं।

पैसे न देने वाले कर्मचारियों को परेशान किया जाता था।

तीन दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई

बागपत में भ्रष्टाचार के खिलाफ तीन दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।

इससे पहले खेकड़ा तहसील में एंटी करप्शन टीम ने एसडीएम के निजी ड्राइवर को जमीन की कुर्रेबंदी के नाम पर एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।

लगातार हो रही कार्रवाइयों से जिले में हड़कंप मचा हुआ है।

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow