आधी रात दिल्ली को जलाने की साजिश: अफवाह, कट्टरता और कानून की खुली परीक्षा

Jan 9, 2026 - 16:56
आधी रात दिल्ली को जलाने की साजिश: अफवाह, कट्टरता और कानून की खुली परीक्षा

राजधानी दिल्ली की सर्द जनवरी की वह रात सिर्फ एक कानून-व्यवस्था की घटना नहीं थी, बल्कि यह उस खतरनाक मानसिकता का आईना थी, जो अफवाह, मजहब और झूठ के सहारे देश को बार-बार आग में झोंकने की कोशिश करती है। 6-7 जनवरी की दरमियानी रात, जब पूरा शहर गहरी नींद में होना चाहिए था, तब तुर्कमान गेट इलाके में पत्थरों की आवाजें गूंज रही थीं, कांच की बोतलें फेंकी जा रही थीं और एक उन्मादी भीड़ सड़कों पर उतर आई थी। यह भीड़ अचानक नहीं उमड़ी थी, बल्कि इसे योजनाबद्ध तरीके से उकसाया गया था—सोशल मीडिया, झूठे वीडियो और भड़काऊ नारों के जरिए।

झूठ की नींव पर खड़ा दंगा

इस पूरी साजिश की शुरुआत एक सफेद झूठ से हुई—“मस्जिद तोड़ी जा रही है।” कुछ मिनटों में यह अफवाह “मस्जिद तोड़ दी गई” में बदल गई। वीडियो वायरल किए गए, जिनमें दावा किया गया कि सेना आ चुकी है, कर्फ्यू लगा दिया गया है और आधी रात में मस्जिद गिरा दी गई है। एक के बाद एक उकसाऊ संदेश फैलाए गए—“घरों से बाहर निकलो”, “दुकानें बंद करो”, “रात काली करो।” दिल्ली पुलिस के मुताबिक करीब 100 फर्जी वीडियो और क्लिप सामने आए हैं, जिनका एकमात्र मकसद था—भीड़ को भड़काना और हालात को दंगे में बदल देना।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब यह सब आधी रात को हुआ, तो पथराव के लिए ईंट-पत्थर, कांच की बोतलें, कीलें और अन्य हथियार अचानक कहां से आ गए? यह कोई तात्कालिक गुस्सा नहीं था, बल्कि पहले से तैयार की गई योजना थी। वही पैटर्न, वही रणनीति—जो दिल्ली दंगों के दौरान देखी जा चुकी है।

हकीकत बनाम अफवाह

जिस प्राचीन “फैज-ए-इलाही” मस्जिद को लेकर हंगामा खड़ा किया गया, वह पूरी तरह सुरक्षित है। न उसे छुआ गया, न उसकी वैध जमीन को कोई नुकसान पहुंचाया गया। कार्रवाई सिर्फ उसके आसपास फैले अवैध अतिक्रमण पर हुई, जिसे दिल्ली उच्च न्यायालय के 12 नवंबर 2025 के आदेश के तहत हटाया जाना था। अदालत ने साफ निर्देश दिए थे कि तीन महीने के भीतर अतिक्रमण हटाया जाए। तुर्कमान गेट जैसे संकरे और घनी आबादी वाले इलाके में रात का समय इसलिए चुना गया, ताकि दिन में आम नागरिकों की आवाजाही और कारोबार प्रभावित न हो।

दुकानदारों और ठेले-पटरी वालों को पहले ही आगाह किया गया था। इसके बावजूद अफवाहों को इस तरह फैलाया गया, मानो किसी पवित्र स्थल पर हमला किया जा रहा हो। सच यह है कि न सिर्फ वह मस्जिद, बल्कि आसपास की कई अन्य मस्जिदों को भी खरोंच तक नहीं आई।

अतिक्रमण और मजहब का खतरनाक मेल

यह घटना एक बार फिर बताती है कि कैसे अवैध कब्जों को बचाने के लिए मजहब का सहारा लिया जाता है। अतिक्रमण को धार्मिक अधिकार बताकर पेश किया जाता है और फिर भीड़ को उकसाया जाता है। वक्फ जैसे संस्थानों के कई बार बिना ठोस दस्तावेजों के किए गए दावे इस आग में घी का काम करते हैं। दिल्ली में वक्फ की 1047 संपत्तियां निर्विवाद हैं, लेकिन राष्ट्रपति भवन, संसद परिसर, हवाई अड्डे, वायुसेना और अन्य सरकारी जमीनों पर दावे ठोकना किस मानसिकता को दर्शाता है?

भारत में अवैध अतिक्रमण सिर्फ धार्मिक जमीनों तक सीमित नहीं है। रेलवे, सेना और सरकारी विभागों की सैकड़ों एकड़ जमीनों पर कब्जे हैं। सवाल यह है—क्या कानून सबके लिए समान रूप से लागू होगा, या हर कार्रवाई को मजहबी रंग देकर दंगे की धमकी दी जाती रहेगी?

राजनीति की संदिग्ध भूमिका

इस पूरे घटनाक्रम में राजनीतिक उपस्थिति भी सवालों के घेरे में है। जब भीड़ उग्र थी और हालात बिगड़ रहे थे, तब कुछ जनप्रतिनिधियों की इलाके में मौजूदगी क्या संकेत देती है? क्या उनका उद्देश्य शांति स्थापित करना था या भीड़ को संदेश देना? पुलिस जांच करेगी, लेकिन यह साफ है कि ऐसे संवेदनशील मौकों पर गैर-जिम्मेदार बयान और गतिविधियां हालात को और विस्फोटक बना देती हैं।

कानून-व्यवस्था पर सीधी चोट

पथराव में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान घायल हुए। आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। यह सिर्फ एक इलाके की समस्या नहीं थी, बल्कि राजधानी की सुरक्षा को दी गई खुली चुनौती थी। अगर दिल्ली जैसे शहर में आधी रात को इस तरह हालात बिगड़ सकते हैं, तो यह पूरे देश के लिए चेतावनी है।

धर्मनिरपेक्षता का सवाल

अगर भारत सचमुच अल्पसंख्यक विरोधी होता, तो क्या यहां चार लाख से अधिक मस्जिदें संभव होतीं? क्या हर शहर और कस्बे में धार्मिक स्थल सुरक्षित होते? समस्या धर्म नहीं है, समस्या है—अवैध कब्जे, कट्टरता और अफवाहों के जरिए भीड़ को हथियार बनाने की राजनीति।

अब क्या जरूरी है

तुर्कमान गेट की घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि अफवाहें आज सबसे खतरनाक हथियार बन चुकी हैं। सोशल मीडिया के जरिए मिनटों में माहौल बिगाड़ा जा सकता है। इसलिए अब सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि कठोर और उदाहरणात्मक कार्रवाई जरूरी है—चाहे वह झूठे वीडियो फैलाने वाले हों, उकसाने वाले भाषण देने वाले हों या साजिश के सूत्रधार।

कानून का राज तभी कायम रहेगा, जब डर का नहीं, बल्कि न्याय का संदेश जाएगा। वरना अगली “आधी रात” और भी भयावह हो सकती है—और तब सिर्फ पत्थर नहीं, पूरे लोकतंत्र पर चोट पड़ेगी।

हेमेन्द्र चौधरी 

संस्थापक एवं संपादक 

द तहलका खबर एवं मानवाधिकार फास्ट न्यूज 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow